India vs Pakistan T20 World Cup 2026: कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से मात देकर सुपर-8 में प्रवेश कर लिया। यह मुकाबला आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप ए का हिस्सा था।
सलामी बल्लेबाज ईशान किशन की तूफानी पारी के दम पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 175 रन बनाए। ईशान ने 40 गेंदों में 77 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनके साथ तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए अहम साझेदारी निभाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने दो-दो विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने भी कसी हुई गेंदबाजी की।
पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, जबकि शाहीन शाह अफरीदी 23 रन बनाकर नाबाद रहे। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
भारत की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन और शिवम दुबे ने 27 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की तरफ से सईम अयूब सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 25 रन देकर तीन विकेट झटके।
इस जीत के साथ भारत ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 8-1 कर लिया है। रनों के अंतर के लिहाज से यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की अब तक की सबसे बड़ी टी20 जीत भी है।

