उत्तराखण्ड: 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे खुलेंगे बाबा केदारनाथ धाम के कपाट

kedarnath

उखीमठ/रूद्रप्रयाग। ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः 8 बजे दर्शनार्थ खुलेंगे। रविवार पूर्वाह्न शिवरात्रि के अवसर पर परंपरानुसार केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल एवं मंदिर समिति सदस्यों, धर्माचार्यों, जन प्रतिनिधियों, वेदपाठियों एवं पंचगाई हकहकूकधारियों, प्रशासन की उपस्थिति में शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में पंचांग गणना के पश्चात कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित हुई तथा भगवान श्री केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली के केदार प्रस्थान का कार्यक्रम भी घोषित हो गया।

श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में 18 अप्रैल को भैरवनाथ जी की पूजा अर्चना संपन्न होगी जिसके बाद भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से 19 अप्रैल को फाटा रवाना होगी, 20 अप्रैल दूसरे पड़ाव गौरीकुंड तथा 21 अप्रैल को पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंच जायेगी। 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे इस यात्रा वर्ष श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुलेंगे।